क्रेशर संचालन से किसानों में आक्रोश, प्रदूषण और हादसों का खतरा

Advertisement
बक्सवाहा। ग्राम पंचायत जेतुपुरा के ग्राम पौड़ी में संचालित क्रेशर को लेकर किसानों एवं ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। किसानों का आरोप है कि क्रेशर संचालक द्वारा शासन के निर्धारित नियमों की अनदेखी कर संचालन किया जा रहा है, जिससे गांव का वातावरण गंभीर रूप से प्रदूषित हो रहा है। क्रेशर से उड़ने वाली धूल आसपास के खेतों में फैल रही है, जिससे किसानों की खड़ी फसलें खराब हो रही हैं और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीण भगवत लोधी, रामसिंह, अमर सिंह एवं रामकली का कहना है कि फसलों पर लगातार धूल की परत जमने से पैदावार प्रभावित हो रही है। कई खेतों में फसलें सूखने लगी हैं, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार क्रेशर क्षेत्र में न तो नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाता है और न ही धूल नियंत्रण के अन्य उपाय अपनाए जाते हैं। इसके कारण पूरे गांव में धूल-मिट्टी का गुबार बना रहता है, जिससे आमजन, बुजुर्गों और बच्चों को सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
इसके अलावा क्रेशर से निकलने वाले भारी वाहनों का गांव के अंदर से आवागमन बना रहता है, जिससे सड़कों पर दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर नियमों के अनुसार कार्रवाई करने और क्रेशर संचालन पर सख्त नियंत्रण लगाने की मांग की है।
इस संबंध में खनिज अधिकारी प्रभा शर्मा ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत पर जांच की जाएगी और शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं तहसीलदार भरत पांडे ने भी किसानों की शिकायत पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
