पन्ना/शाहनगर, प्रकाश तिवारी। क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। शाहनगर-बोरी मार्ग पर स्थित केन नदी का पुल जलमग्न होने से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। पुल के ऊपर से तेज बहाव में पानी बहने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों के पहिए थम गए हैं।
केन नदी का जलस्तर बढ़ने और मार्ग अवरुद्ध होने से क्षेत्र के लगभग दो दर्जन गांवों का संपर्क शाहनगर से कट गया है। इससे रामपुर, खजुरी, सुडोर, टुंडा, महिलवारा, लामतरा, महेवा, ठेपा, बोरी, खम्हरिया, आतारहाई, मालघन, झिन्ना, हरदुआ, रगौली, बुधरोड़, रेगुआ, खर्रा और परासी सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है और ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
थाना प्रभारी ने जारी की सुरक्षा अपील
हालात को देखते हुए शाहनगर थाना प्रभारी रवि सिंह जादौन ने आमजन से सुरक्षा बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शाहनगर-बोरी मार्ग पर केन नदी और मरहा-बहरिया मार्ग पर अलोनी नदी के पुलों के ऊपर पानी होने की स्थिति में जान जोखिम में डालकर पुल पार करने का प्रयास कतई न करें। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से जलस्तर कम होने तक इंतजार करने, सतर्क रहने और उफनते नदी-नालों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सख्त हिदायत दी है।




