छतरपुर, रोहित पाठक। श्रीलंका यात्रा पर रवाना होने से पहले पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बागेश्वर धाम क्षेत्र के डेढ़ हजार से अधिक व्यापारियों एवं व्यवसायियों के साथ समीक्षा बैठक कर धाम की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। लगभग तीन माह के अंतराल के बाद आयोजित इस बैठक में पीठाधीश्वर ने व्यापारियों से सीधा संवाद करते हुए धाम को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।


बैठक में पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि बागेश्वर धाम से जुड़े सभी व्यवसाय धाम परिवार का हिस्सा हैं और बागेश्वर धाम उनका अपना घर है। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों को रखने से पहले उनकी पूरी जांच-परख करें, उनका पुलिस वेरिफिकेशन भी कराएं ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और धाम की गरिमा बनी रहे।


पं. शास्त्री ने कहा कि धाम की व्यवस्थाएं केवल समिति और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं हैं, बल्कि इसमें व्यापारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी व्यवसायियों से स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन और सेवा भाव के साथ सहयोग करने का आग्रह किया।


उन्होंने कहा कि बागेश्वर धाम आने वाले लाखों श्रद्धालु केवल बालाजी सरकार की महिमा का बखान ही न करें बल्कि व्यापारियों के सेवाभावी व्यवहार को भी याद रखें। यदि सभी मिलकर सकारात्मक सहयोग करेंगे तो श्रद्धालु यहां से बेहतर अनुभव लेकर जाएंगे और धाम की प्रतिष्ठा और अधिक बढ़ेगी। बैठक के दौरान व्यापारियों ने भी धाम की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव रखे तथा भविष्य में भी समिति और प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर धाम की व्यवस्थाओं, स्वच्छता, सुरक्षा और श्रद्धालु सुविधाओं को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई।


फैक्ट्री लगाने में बागेश्वर धाम समिति करेगी सहयोग


बागेश्वर महाराज ने सभी व्यापारियों के सामने घोषणा की कि यदि बागेश्वर धाम में कोई बड़े स्तर पर फैक्ट्री आदि लगाना चाहता है तो उसका बागेश्वर धाम जन सेवा समिति हर तरह से सहयोग करेगी। पीठाधीश्वर ने कहा कि फैक्ट्री संचालक से क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।