जबलपुर में बंगाली क्लब के शताब्दी समारोह में जेपी नड्डा ने दिया यह बड़ा बयान...?

Advertisement
जबलपुर। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज बंगाल में ही बंगाली असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, जिनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने बांग्लादेश में हो रहे अत्याचारों पर भी गहरी चिंता जताई। नड्डा शुक्रवार को जबलपुर में बंगाली क्लब संस्था के शताब्दी समारोह कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे।
नड्डा ने कहा कि बंगाल ने देश को कई महान नेता दिए हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस और देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी जैसी विभूतियां बंगाल की धरती से निकली हैं, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाई।कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेताजी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने में जबलपुर की धरती की अहम भूमिका रही थी, जबकि उस समय कांग्रेस स्वयं इसके पक्ष में नहीं थी।
दोनों नेता गैरिसन ग्राउंड में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों के साथ बैठक कर निवेश प्रस्तावों पर चर्चा की। बैठक में कृषि, पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने पर मंथन हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल और इंदौर की तर्ज पर जबलपुर को भी मेट्रोपॉलिटिन सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा।
नर्मदा आरती में भी हुए शामिल
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह द्वारा जबलपुर की प्राचीन जल बावड़ियों के जीर्णोद्धार कार्य की मुख्यमंत्री ने सराहना की। रानी दुर्गावती कालीन बावड़ी को नया स्वरूप देकर ‘जल मंदिर’ नाम दिया गया है। इस बावड़ी का निरीक्षण करने केंद्रीय मंत्री नड्डा और मुख्यमंत्री पहुंचे। शाम को दोनों नेताओं ने गौरी घाट पर मां नर्मदा की महाआरती में भी भाग लिया।
