छतरपुर,शिवम सोनी। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय रोड पर अतिक्रमण एक बार फिर गंभीर समस्या बनता जा रहा है। सड़क किनारे अवैध रूप से रखी गई गुमटियों और बेतरतीब खड़े ई-रिक्शों के कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही है, जिससे छात्र-छात्राओं सहित आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर कॉलेज के समय यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है और कई बार छात्रों को समय पर कक्षाओं तक पहुंचने में कठिनाई होती है।
स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ठोस कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहे हैं। हाल ही में विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के दौरान प्रशासन ने अस्थायी रूप से अतिक्रमण हटाया था, क्योंकि कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल की मौजूदगी थी। लेकिन जैसे ही कार्यक्रम समाप्त हुआ, हालात फिर पहले जैसे हो गए और गुमटियां दोबारा सड़क किनारे लग गईं।
लोगों का आरोप है कि प्रशासन की कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह जाती है और स्थायी समाधान की दिशा में कोई गंभीर प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। लगातार बढ़ती इस समस्या को देखते हुए नागरिकों ने नियमित अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने और सख्त निगरानी की मांग की है, ताकि छात्रों और आम जनता को राहत मिल सके।

