छतरपुर,शिवम सोनी। भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत देते हुए जैन समाज ने एक सराहनीय पहल की है। गुरुवार को शहर के पुराने पन्ना नाके पर निःशुल्क पेयजल प्याऊ का शुभारंभ किया गया, जिससे गर्मी से त्रस्त लोगों को शुद्ध पीने का पानी मिल रहा है।
इस मौके पर जैन समाज के सदस्यों ने बताया कि पुराने पन्ना नाके पर दिनभर लोगों का आवागमन लगा रहता है। बढ़ते तापमान को देखते हुए यहां प्याऊ शुरू करने का फैसला लिया गया। समाज के सदस्यों ने कहा कि गर्मी के मौसम में प्यासे राहगीरों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराना सबसे बड़ा सेवा कार्य है। उन्होंने इस कार्य को “प्यासे को पानी पिलाना महापुण्य” की भावना से जोड़ा।
प्याऊ के शुभारंभ अवसर पर जैन समाज के कई सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली। स्थानीय नागरिकों ने जैन समाज की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि ऐसी सेवा अन्य संस्थाओं तथा समाज के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण है।

