इंदौर,रविकांत वर्मा । नगर निगम के बजट सत्र के दौरान राष्ट्रगान वंदे मातरम् गाने से इनकार करने के मामले में इंदौर पुलिस ने कांग्रेस की दो महिला पार्षदों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। एमजी रोड थाना पुलिस ने जांच के बाद पार्षद रुबीना इकबाल खान और फोजिया शेख अलीम पर भारतीय दंड संहिता की धारा 196(1) के तहत केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम के बजट सत्र के दौरान हुए इस घटनाक्रम ने उस समय विवाद का रूप ले लिया था, जब दोनों कांग्रेस पार्षदों ने वंदे मातरम् गाने से इनकार कर दिया। इस दौरान सत्तापक्ष के पार्षदों ने इसका विरोध किया और सदन में हंगामे की स्थिति बन गई। मामले ने तूल पकड़ते हुए राजनीतिक रंग ले लिया, जिसके बाद बीजेपी पार्षदों ने संभागायुक्त और एमजी रोड थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान नगर निगम बजट सत्र की वीडियो रिकॉर्डिंग को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया और संबंधित पार्षदों के बयान दर्ज किए गए। सोमवार और मंगलवार को दोनों महिला पार्षदों को थाने बुलाकर घंटों पूछताछ की गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच में प्राप्त साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद रुबीना इकबाल खान और फोजिया शेख अलीम के खिलाफ धारा 196(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद शहर की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। बीजेपी पार्षदों ने इसे राष्ट्र सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की थी, वहीं कांग्रेस की ओर से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई तथ्यों के आधार पर की जाएगी।


