मंदसौर, ललित शंकर धाकड़| मंदसौर जिले में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए जिला शिक्षा विभाग ने बड़ा निर्णय लिया है। अब जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, अब सभी स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ही संचालित होंगे। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला छात्रों की सेहत को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि तेज धूप और गर्म हवाओं से उन्हें सुरक्षित रखा जा सके।
सख्ती से पालन के निर्देश
प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि नए समय का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। गौरतलब है कि इन दिनों जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है और दोपहर के समय लू चलने की स्थिति बन रही है। ऐसे में बच्चों को होने वाली परेशानी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। यह आदेश फिलहाल गर्मी के प्रकोप को देखते हुए लागू किया गया है और आगे मौसम की स्थिति के अनुसार इसमें बदलाव संभव है।

