नई दिल्ली, 17 अप्रैल । अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पहली महिला टी20 चैलेंज ट्रॉफी का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह टूर्नामेंट 19 अप्रैल से 2 मई तक रवांडा में खेला जाएगा।
मैचों का आयोजन किगाली शहर के गहांगा क्रिकेट स्टेडियम के आस-पास के दो ग्राउंड में होगा।
शेड्यूल के मुताबिक, पांच टीमों के इस टूर्नामेंट के पहले दिन इटली का मुकाबला मेजबान रवांडा से होगा, जबकि नेपाल का मुकाबला यूएसए से होगा। वानुअतु को पहले दिन बाई मिली है, जिसके बाद 19 अप्रैल को उसका मुकाबला रवांडा से होगा।
यह टूर्नामेंट आईसीसी द्वारा शुरू किया गया एक नया इवेंट है, जिसे एसोसिएट मेंबर टीमों को ज्यादा मौका देने के लिए शुरू किया गया है। यह इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी में शामिल हो गया है, जिसका पहला संस्करण पिछले नवंबर में हुआ था, जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मौके बढ़ाने की कोशिशों का हिस्सा है।
इस प्रतियोगिता में आईसीसी के पांचों क्षेत्र की टॉप रैंक वाली टीम शामिल है, जो इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई थी। हिस्सा लेने वाली सभी पांच टीमों ने 2025 क्षेत्रिय महिला टी20 विश्व कप क्वालिफायर में अपने प्रदर्शन के आधार पर जगह बनाई है।
डबल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेला जाने वाला यह टूर्नामेंट 2 मई तक चलेगा और इसका मकसद लगातार, हाई-क्वालिटी मैच का अनुभव देना है। यह पहल आईसीसी की दुनिया भर में महिला क्रिकेट को मजबूत करने और नई टीमों को मजबूत टीमों के खिलाफ मुकाबला करने के लिए तैयार करने की बड़ी कोशिश का हिस्सा है।
यह इवेंट विमेंस टी20 विश्व कप के विस्तार के साथ भी जुड़ा है, जिसमें 2026 में 12 टीमें होंगी, और 2030 तक इसे 16 टीमों तक बढ़ाने की योजना बनाई जा चुकी है।
नेपाल और यूएसए इस टूर्नामेंट में मजबूत दावेदार के तौर पर उतर रहे हैं। दोनों ने इस साल की शुरुआत में सबसे नए वैश्विक क्वालिफायर में हिस्सा लिया था।
आईसीसी महिला टी20 टीम रैंकिंग में 21वें नंबर पर मौजूद नेपाल इस टूर्नामेंट में सबसे ऊंची रैंक वाली टीम है।
इस बीच, अभी 30वें नंबर पर मौजूद वानुअतु ने पिछले साल फिजी में ईस्ट एशिया-पैसिफिक क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन के बाद अपनी जगह पक्की की। वानुअतु ने 20वें नंबर को इंडोनेशिया को हराया था।
शेड्यूल
18 अप्रैल
रवांडा बनाम इटली
नेपाल बनाम यूएसए
19 अप्रैल
रवांडा बनाम वानुअतु
इटली बनाम नेपाल
21 अप्रैल
रवांडा बनाम यूएसए
वानुअतु बनाम इटली
22 अप्रैल
रवांडा बनाम नेपाल
यूएसए बनाम वानुअतु
24 अप्रैल
नेपाल बनाम वानुअतु
इटली बनाम यूएसए
26 अप्रैल
रवांडा बनाम वानुअतु
यूएसए बनाम नेपाल
27 अप्रैल
रवांडा बनाम इटली
यूएसए बनाम वानुअतु
28 अप्रैल
रवांडा बनाम नेपाल
इटली बनाम वानुअतु
3 अप्रैल
इटली बनाम यूएसए
नेपाल बनाम वानुअतु
1 मई
रवांडा बनाम यूएसए
इटली बनाम नेपाल

