दमोह,राजेन्द्र तिवारी। दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें ट्रक, बोलेरो और बाइक की भिड़ंत में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देहात थाना क्षेत्र के बांसा तारखेड़ा गांव स्थित गुलाब बाबा मंदिर के पास शाम करीब 4:30 बजे हुआ।


जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक ने पहले बोलेरो को टक्कर मारी, जिसके बाद अनियंत्रित वाहन बाइक से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग वाहन में फंस गए। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस और सागर नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।


दमोह तहसीलदार रोबिन सिंह ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। दो शव जिला अस्पताल पहुंचाए जा चुके हैं, जबकि अन्य शवों को घटनास्थल से लाया जा रहा है। घायलों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।


घायलों को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट मोड पर है। अस्पताल प्रशासन ने सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।