छतरपुर,संदीप यादव। छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में तीन वर्षीय मासूम और उसके पिता की मौत हो गई है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इलाज कराने आए थे पिता-पुत्र
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम गनेशपुरा निवासी 35 वर्षीय जितेंद्र यादव अपने 3 साल के पुत्र तनिश यादव को इलाज दिलाने के लिए बाइक से गढ़ीमलहरा आए थे। जैसे ही वे गढ़ीमलहरा बस स्टैंड के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और उन्हें कुचल दिया। हादसे के तत्काल बाद राहगीरों की मदद से दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। यहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत 3 वर्षीय तनिश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल जितेंद्र सिंह यादव को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रोमा वार्ड में भर्ती किया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आरोपी ट्रक को जब्त कर लिया है। जिला अस्पताल में दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

