छतरपुर, विनोद मिश्रा। मातगुंवा थाना क्षेत्र में रविवार शाम तेज रफ्तार और अनियंत्रित ई-रिक्शा ने बाइक सवार 20 वर्षीय युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी रेफर कर दिया। झांसी ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवक की शादी महज ढाई महीने पहले 28 जून को हुई थी।


जानकारी के अनुसार ग्राम गोंची निवासी दौलत आदिवासी (20), पिता बट्टू आदिवासी, हिम्मतपुर से बाइक से अपने गांव गोंची लौट रहा था। शाम करीब 7 बजे रास्ते में तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर उसकी बाइक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दौलत गंभीर रूप से घायल हो गया।


हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए छतरपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए झांसी रेफर कर दिया। परिजन उसे झांसी लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दौलत ने दम तोड़ दिया।


बताया जा रहा है कि दौलत की शादी 28 जून को हुई थी। शादी के महज ढाई महीने बाद हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद मातगुंवा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।