सागर, जीशान खान। सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र के भदभदा खमरिया रोड इलाके में आस्था और भय का फायदा उठाकर ठगी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक कथित “बाबा” ने महिला को उसके पति पर मंडरा रहे संकट का डर दिखाया और पूजा-पाठ के नाम पर उसका मंगलसूत्र लेकर फरार हो गया। जब महिला ने बाद में रुमाल खोला, तो उसमें मंगलसूत्र की जगह केवल चावल मिले।


जानकारी के अनुसार, भदभदा खमरिया रोड निवासी मालती प्रजापति के घर शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति पहुंचा। उसने खुद को बागेश्वर धाम की यात्रा पर जाने वाला बताया। सामान्य मानवीय भाव से महिला ने उसे आटा दे दिया। इसी दौरान आरोपी ने बातचीत के जरिए महिला का विश्वास जीत लिया। उसने महिला को बताया कि उसके पति पर बड़ा संकट मंडरा रहा है और यही कारण है कि वे अक्सर बीमार रहते हैं। आरोपी ने महिला को समझाया कि यदि तुरंत विशेष पूजा-पाठ नहीं कराया गया, तो अनिष्ट हो सकता है। पति की चिंता में घिरी महिला उसकी बातों में आ गई।


घटना के समय महिला के पति दिलीप प्रजापति, जो सरस्वती शिशु मंदिर में आचार्य हैं, घर पर मौजूद नहीं थे। ठग ने पूजा का नाटक करते हुए महिला से उसका मंगलसूत्र मंगवाया। उसने एक रुमाल में चावल रखकर उसमें मंगलसूत्र रखने को कहा और उसे बांध दिया इसके बाद उसने महिला को निर्देश दिया कि यह “विशेष पूजा” है और इसे पूजा स्थल पर रख दिया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि रुमाल को एक घंटे से पहले नहीं खोलना, वरना अनिष्ट हो सकता है। इतना कहकर आरोपी वहां से यह कहते हुए निकल गया कि जब उसके पति स्वस्थ हो जाएंगे, तब वह वापस आएगा और बदले में नए कपड़े लेगा। कुछ समय बाद महिला को शक हुआ। उसने अपनी बेटी से रुमाल खुलवाया। जैसे ही पोटली खुली, उसमें से मंगलसूत्र गायब मिला और केवल चावल निकले। महिला के अनुसार, मंगलसूत्र में करीब 24 सोने की गुरिया और एक पेंडल था। घटना का एहसास होते ही महिला ने तुरंत अपने पति को सूचना दी और दोनों थाने पहुंचे।


पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मटमैला सफेद कुर्ता पहन रखा था और सिर पर पीले रंग का तौलिया बांधा हुआ था। जैसीनगर थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर के अनुसार, मामले को जांच में लिया गया है। एक संदिग्ध का नाम सामने आया है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस टीमों द्वारा आसपास के गांवों और जंगलों में दबिश दी जा रही है।