मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के भानपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुधाखेड़ी गांव में दिल दहला देने वाली एक जघन्य हत्या का मामला सामने आया है। यहाँ एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर न केवल अपने पति को मौत के घाट उतारा, बल्कि क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसे खेत पर जिंदा जला दिया। इतना ही नहीं, पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने शव की राख को भी खेत की मिट्टी में दफना दिया। इस वारदात के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और आक्रोशित परिजनों ने चक्काजाम कर दिया है।


खेत पर बुलाकर रची मौत की साजिश

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान धनराज नाथ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि धनराज की पत्नी धापुबाई का गांव के ही पंकज चौधरी नामक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी प्रेम प्रसंग के चलते रास्ते के कांटा हटाने के लिए प्रेमी पंकज ने धनराज को खेत पर बुलाया। वहां पंकज ने धनराज की बेरहमी से हत्या कर उसे जिंदा जला दिया। सबूत मिटाने की नीयत से आरोपी ने जली हुई राख को गड्ढा खोदकर मिट्टी में दबा दिया।


आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बरामद की राख

घटना की सूचना मिलते ही भानपुरा थाना पुलिस सक्रिय हुई और संदेह के आधार पर प्रेमी पंकज चौधरी और पत्नी धापुबाई को हिरासत में लिया। पुलिसिया पूछताछ में आरोपी पंकज टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरी कहानी बयां की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खेत में दफनाई गई राख को बरामद कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है।


परिजनों का गुस्सा: चक्काजाम कर 'बुलडोजर' कार्रवाई की मांग

इस बर्बर हत्याकांड से आक्रोशित परिजनों और समाज के लोगों ने गरोठ-भानपुरा मार्ग पर दुधाखेड़ी फंटे पर शव की राख रखकर चक्काजाम कर दिया है। परिजनों का सीधा आरोप है कि धनराज की हत्या में उसकी पत्नी धापुबाई भी बराबर की हिस्सेदार है और उसी ने पूरी साजिश रची थी। प्रदर्शनकारी अब पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने दो प्रमुख मांगें रख रहे हैं:

आरोपी पंकज चौधरी का नार्को टेस्ट कराया जाए ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।

जघन्य कृत्य को देखते हुए आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त किया जाए।


प्रशासनिक अमला मौके पर तैनात

प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और वरिष्ठ अधिकारी परिजनों को समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है।