24 साल देशसेवा के बाद हवलदार राकेश यादव सेवानिवृत्त

Advertisement
छतरपुर(शिवम सोनी)। देश की सेवा में 24 वर्ष समर्पित करने के बाद भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए हवलदार राकेश यादव का गुरुवार को छतरपुर आगमन पर जोरदार और भावुक स्वागत किया गया। 31 जनवरी को सेवा निवृत्त होने के बाद जैसे ही वे रेलवे स्टेशन पहुंचे, परिजनों, शुभचिंतकों और स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। पूरा स्टेशन परिसर देशभक्ति के नारों, ढोल-नगाड़ों और डीजे पर गूंजते देशभक्ति गीतों से गुंजायमान हो उठा।
रेलवे स्टेशन से निकला भव्य जुलूस ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ पन्ना नाका होते हुए डाकखाना चौराहा पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इसके बाद उनके निवास स्थान पर परिजनों, मोहल्लेवासियों और क्षेत्रवासियों ने मालाएं पहनाकर मिठाई खिलाई तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
हवलदार राकेश यादव कुमाऊं रेजीमेंट में पदस्थ रहे और अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा तथा समर्पण के लिए जाने जाते हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा, भले ही मैं सेना से सेवानिवृत्त हो गया हूं, लेकिन देश की सेवा का जज्बा कभी खत्म नहीं होता।" उन्होंने युवाओं से कड़ी मेहनत, अनुशासन और पूर्ण समर्पण के साथ भारतीय सेना में भर्ती होने का आह्वान किया।
