मेहनत की कमाई खाक: नगद राशि और कीमती सामान जलकर हुए राख

Advertisement
गढ़ी मलहरा, जाहिद। गढ़ी मलहरा थाना क्षेत्र के कुर्राहा ग्राम में बुधवार शाम करीब 6 बजे एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव निवासी रफीक खान के मकान में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर फट गया, जिससे जोरदार धमाके के साथ पूरे घर में आग फैल गई।
धमाके के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद परिवार के लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल पाए। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक मकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था।
पीड़ित रफीक खान और उनकी पत्नी ने बताया कि खाना बनाते समय अचानक HP Gas का सिलेंडर फट गया, जिससे टीवी, फ्रिज सहित पूरा घरेलू सामान जल गया। इसके अलावा बीमारी के इलाज के लिए घर में रखे करीब 2 लाख 35 हजार रुपये नगद भी आग की भेंट चढ़ गए।
इस हादसे के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है। पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन और समाजसेवियों से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है
