बागेश्वर धाम में 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव: 21 हजार भक्त करेंगे एक साथ महाआरती और चालीसा पाठ

Advertisement
छतरपुर, रोहित पाठक। बागेश्वर धाम में इस बार हनुमान जन्मोत्सव को लेकर भव्य तैयारियां की जा रही हैं। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर महाराज) ने बताया कि 2 अप्रैल को भगवान श्री हनुमान जी के जन्मोत्सव के अवसर पर करीब 21 हजार श्रद्धालु एक साथ महाआरती करेंगे और सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। यह कार्यक्रम लगभग 4 से 5 घंटे तक चलेगा और इसमें लाखों भक्तों के शामिल होने की संभावना है।
बागेश्वर महाराज ने कहा कि जिस तरह महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर यहां गरीब एवं निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह बड़े उत्साह से संपन्न होते हैं और देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, उसी तरह अब हनुमान जन्मोत्सव को भी धाम में भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस विशेष आयोजन में देश-विदेश से कई विशिष्ट अतिथि और प्रमुख संत शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि बागेश्वर धाम में इस स्तर पर हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन पहली बार हो रहा है और भविष्य में इसे हर वर्ष निरंतर आयोजित करने की योजना है। यह कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सामूहिक आस्था का एक ऐतिहासिक पर्व साबित होगा, जो लाखों भक्तों की आस्था को और मजबूत करेगा।
