भिंड, अक्षय जोशी। जिला सत्र न्यायालय परिसर में क्लाइंट को जमानत दिलाने को लेकर ग्वालियर से आए एक अधिवक्ता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि वकील द्वारा एक पक्ष के क्लाइंट की जमानत कराए जाने से नाराज दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की।


घटना के बाद अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। मामले के विरोध में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनीत मिश्रा अन्य पदाधिकारियों और वकीलों के साथ थाने पहुंचे और करीब एक घंटे तक थाने के बाहर धरने पर बैठकर विरोध जताया। अधिवक्ताओं ने मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


वकीलों के धरने की सूचना मिलने पर सीएसपी निरंजन सिंह राजपूत मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिवक्ताओं से चर्चा कर मामले को शांत कराया। सीएसपी ने पूरे घटनाक्रम की जांच कराने और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद जिला सत्र न्यायालय परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।