मतंगेश्वर प्रीमियर लीग 2026 का भव्य समापन, खजुराहो 11 ने जीता खिताब

Advertisement
खजुराहो,तुलसीदास सोनी। पर्यटन नगरी खजुराहो के ऐतिहासिक मेला ग्राउंड में 20 जनवरी से आयोजित मतंगेश्वर प्रीमियर लीग (MPL) 2026 क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन शनिवार 07 फरवरी को हुआ। फाइनल मुकाबला रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा, जिसे देखने बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
समापन समारोह में राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अरुण कुमार उर्फ पप्पू अवस्थी, भाजपा मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र अवस्थी, राजनगर जनपद पंचायत सीईओ राकेश शुक्ला, धवाड़ सचिव संजय मिश्रा, पुष्पेंद्र सिंह, भाजपा वरिष्ठ नेता हरनारायण अवस्थी, बृजगोपाल अवस्थी, श्रीकांत मिश्रा, भैया जी अचनार, कपिल प्रताप सिंह बुंदेला, प्रवेश तिवारी, नरेंद्र पटेल एवं राकेश अहिरवार दिव्यापुरवा उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना से खेलने का संदेश दिया।
खजुराहो 11 की दमदार बल्लेबाजी
फाइनल मुकाबले में खजुराहो 11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और निर्धारित ओवरों में 221 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के स्टार बल्लेबाज वन्टू ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतक जड़ा, जबकि शिवम पटेल ने 50 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
स्टार 11 की टीम 170 रनों पर सिमटी
222 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टार 11 की टीम ने संभलकर शुरुआत की, लेकिन खजुराहो 11 के घातक गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी। पूरी टीम 170 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस तरह खजुराहो 11 ने शानदार जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट पर कब्जा जमाया।
विजेता व उपविजेता टीम को किया गया सम्मानित
फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि विधायक अरविंद पटेरिया द्वारा विजेता टीम खजुराहो 11 को ट्रॉफी के साथ 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं उपविजेता टीम स्टार 11 को ट्रॉफी सहित 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
खेल प्रेमियों के सहयोग से सफल आयोजन
मतंगेश्वर प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का सफल आयोजन शैलेंद्र यादव, अनूप मिश्रा, धम्मू, रॉकी भाई, प्रियंक त्रिपाठी, प्रिंस त्रिपाठी, नमन, पूरन, सुयश मिश्रा, राज, दीपेंद्र बुंदेला सहित क्षेत्र के अनेक खेल प्रेमियों के सहयोग से संपन्न हुआ। आयोजकों ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया। फाइनल मुकाबले के दौरान दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और पूरे आयोजन ने खजुराहो में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान की।
