छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। जिले के तामिया तहसील अंतर्गत आने वाले ग्राम चौरा डोंगरी ढाना और कुर्सी डोबरा के ग्रामीणों ने मंगलवार को अपनी पीड़ा प्रशासन तक पहुंचाने के लिए अनोखा प्रदर्शन किया। गांव की महिलाएं सिर पर खाली गुंडी रखकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं और पेयजल व सड़क की गंभीर समस्या को लेकर विरोध जताया ग्रामीणों का कहना है कि शासन की तमाम योजनाओं और दावों के बावजूद उनके गांव में आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। खासकर पेयजल जैसी जरूरी समस्या अब तक दूर नहीं हो सकी है। यही वजह रही कि अपनी तकलीफ को सामने लाने के लिए महिलाएं खाली पानी के बर्तन लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं।इस प्रदर्शन की सबसे मार्मिक बात यह रही कि इसमें शामिल अधिकांश ग्रामीण गरीब वर्ग से हैं, जो अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं। इसके बावजूद वे अपनी समस्या प्रशासन तक पहुंचाने के लिए किराए की गाड़ी करके कलेक्ट्रेट पहुंचे, ताकि उनकी आवाज जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंच सके ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। हालात इतने खराब हैं कि लोगों को रोजाना 3 से 4 किलोमीटर दूर नाला और झिरिया से पानी लाना पड़ रहा है। पानी की इस किल्लत के कारण दिनभर का समय पानी की व्यवस्था में ही निकल जाता है, जिससे मजदूरी और रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। महिलाओं ने बताया कि पानी की समस्या का सबसे ज्यादा बोझ उन्हीं पर पड़ता है। सुबह से लेकर शाम तक पानी की जद्दोजहद में उनका समय निकल जाता है, जबकि घर, बच्चों और मवेशियों की जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर रहती है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में मवेशियों के लिए भी पानी की भारी समस्या बनी हुई है।ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत चौरा डोंगरी के सचिव पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि सचिव गांव में नियमित रूप से नहीं आते और गांव की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेते। ग्रामीणों ने मांग की है कि दोनों गांवों में तत्काल एक-एक नलकूप खुदवाया जाए, ताकि पेयजल की स्थायी व्यवस्था हो सके। इसके साथ ही गांव की सड़क समस्या के समाधान की भी मांग की गई है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके। ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
मध्य प्रदेशछिंदवाड़ासरकारी दावों की खुली पोल, प्यासा बैठा गांव...सिर पर खाली गुंडी रख महिलाओं का अनोखा प्रदर्शन
सरकारी दावों की खुली पोल, प्यासा बैठा गांव...सिर पर खाली गुंडी रख महिलाओं का अनोखा प्रदर्शन

Saurabh Shukla
31 मार्च 2026, 11:26 am IST
Saurabh Shukla31 मार्च 2026, 11:26 am IST
