भोपाल। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), नौसेना अकादमी (NA) और संयुक्त रक्षा सेवा (CDS) की परीक्षा रविवार को प्रदेश के तीन शहरों में आयोजित की जा रही है। इस बार परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा को लेकर सख्त इंतजाम किए गए थे। फेस ऑथेंटिकेशन, मेटल डिटेक्टर जांच और कड़े प्रवेश नियम लागू किए गए। लेकिन भोपाल के एक परीक्षा केंद्र पर सर्वर डाउन होने और गेट समय से पहले बंद कर दिए जाने से 12 अभ्यर्थी परीक्षा देने से वंचित रह गए।
शासकीय नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल, अरेरा कॉलोनी स्थित परीक्षा केंद्र पर सुबह 9:30 बजे गेट बंद कर दिया गया। परीक्षा शुरू होने से ठीक 30 मिनट पहले एंट्री रोक दी गई। कई छात्र निर्धारित समय से सिर्फ दो-तीन मिनट पहले पहुंचे, लेकिन उन्हें अंदर जाने नहीं दिया गया। केंद्र प्रभारी ने बताया कि सर्वर डाउन होने के कारण फेस ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया रुक गई थी, जिसकी वजह से प्रवेश में देरी हुई और अंत में गेट बंद करना पड़ा।
सीहोर के अहमदपुर से अपनी बहन को परीक्षा दिलाने आए विवेक शर्मा ने बताया कि वे 50 किलोमीटर की दूरी तय कर सुबह 9:27 बजे केंद्र पहुंचे थे। एडमिट कार्ड पर लिखे समय के अनुसार 9:30 बजे तक पहुंचने वाले छात्रों को प्रवेश मिलना चाहिए था, लेकिन अधिकारियों ने सख्ती बरतते हुए किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया। बाहर 8-10 अन्य अभ्यर्थी भी खड़े थे। विवेक शर्मा और अन्य अभिभावकों ने कई बार अनुरोध किया कि कुछ मिनट की देरी को देखते हुए उन्हें अंदर जाने दिया जाए, लेकिन अधिकारियों ने एक नहीं सुनी। कुछ छात्र अंदर गए भी तो बिना किसी समाधान के वापस लौट आए।
अभ्यर्थियों ने शिकायत की कि एडमिट कार्ड पर स्पष्ट रूप से यह नहीं लिखा था कि एक-दो मिनट की देरी पर प्रवेश पूरी तरह बंद हो जाएगा। कई अभिभावक नाराज थे और कह रहे थे कि दूर-दूर से आने वाले छात्रों की समस्या को समझने की बजाय सख्त नियमों को प्राथमिकता दी गई।
प्रदेश में तीन शहरों भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में इस परीक्षा का आयोजन हो रहा है। भोपाल में 12 केंद्रों पर 5810 अभ्यर्थी, इंदौर में 13 केंद्रों पर 5493 अभ्यर्थी और ग्वालियर में 7 केंद्रों पर 6030 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। कुल मिलाकर 17 हजार से अधिक उम्मीदवार इस महत्वपूर्ण परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इस बार सभी केंद्रों पर फेस ऑथेंटिकेशन की नई व्यवस्था की गई थी। अभ्यर्थियों की पहचान तकनीकी रूप से सत्यापित की जा रही है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, बिजली और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं तथा पर्याप्त स्टाफ की तैनाती की गई है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि समय का सख्त पालन जरूरी है और देर से पहुंचने वाले किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से काफी पहले केंद्र पहुंचें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

