छतरपुर, विनोद मिश्रा। छतरपुर जिले के चंद्रनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंद्रनगर स्टैंड पर रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा घटित हो गया। सुबह करीब 8 बजे अपनी दुकान खोल रहे 18 वर्षीय फल विक्रेता की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान चंद्रनगर निवासी कमलेश रैकवार (पिता मिट्ठू रैकवार) के रूप में हुई है।
घटना के बाद से मृतक के परिजनों और स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने विद्युत विभाग पर घोर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमलेश रैकवार रोज की तरह रविवार की सुबह चंद्रनगर स्टैंड स्थित अपनी फल की दुकान खोलने पहुँचा था। दुकान के ठीक ऊपर से गुज़र रही हाईटेंशन विद्युत लाइन में अचानक तेज़ शार्ट सर्किट हुआ, जिसकी चपेट में आकर नरेंद्र बुरी तरह झुलस गया।
घटना स्थल पर मौजूद परिजनों और राहगीरों ने बिना देरी किए उसे तुरंत चंद्रनगर उप स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए तत्काल जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया, जहाँ इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुँचे मृतक के भाई नरेंद्र रैकवार और महेंद्र रैकवार ने बिलखते हुए विद्युत विभाग पर बड़ा आरोप लगाया। परिजनों ने बताया कि दुकान के ऊपर से गुजर रही जर्जर हाईटेंशन लाइन के कारण पूर्व में भी शार्ट सर्किट से दुकान में भीषण आग लग चुकी थी, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ था।
परिजनों का कहना है कि उस घटना के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों से लाइन हटाने या उसे सुरक्षित कवर करने की गुहार लगाई गई थी, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। यदि समय रहते कदम उठा लिए जाते तो आज 18 साल के मासूम युवक की जान नहीं जाती।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े चंद्रनगर स्टैंड जैसे व्यस्ततम इलाके में हुए इस हादसे के बाद बाजार क्षेत्र में फैली हाईटेंशन लाइनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से क्षेत्र की सभी जर्जर विद्युत लाइनों को अविलंब दुरुस्त करने की मांग की है।




