सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बालिकाओं को मुफ्त टीका

Advertisement
लवकुशनगर(जावेद खान)। स्वास्थ्य विभाग ने यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एचपीवी वैक्सीन के माध्यम से एक महत्वपूर्ण टीकाकरण अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान शनिवार दोपहर 12 बजे शुरू हुआ, जिसका राष्ट्रव्यापी शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से अजमेर से किया और इससे पूरे देश की बालिकाओं को प्रेरित किया गया।
ब्लॉक मेडिकल अधिकारी डॉ. लखन सिंह ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा यानी सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव में बहुत प्रभावी साबित हुई है। यह वैक्सीन खास तौर पर 14 से 15 वर्ष की आयु वाली बालिकाओं को लगाई जा रही है, ताकि भविष्य में कैंसर का खतरा काफी हद तक कम हो सके। कार्यक्रम के पहले चरण में 35 छात्राओं को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। आगे इस अभियान को गांव-गांव और शहर के अन्य इलाकों तक विस्तार दिया जाएगा।
इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष खलक सिंह राजपूत, समाजसेवी और बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं। टीकाकरण में 14-15 वर्ष की कई बालिकाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को समय पर यह वैक्सीन अवश्य लगवाएं, क्योंकि यह मुफ्त उपलब्ध है और सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे कारगर तरीका है। समय पर टीकाकरण से न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य सुरक्षित होता है, बल्कि समाज में महिलाओं के स्वास्थ्य को मजबूत बनाने में भी बड़ा योगदान मिलता है।
