भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कलियासोत डैम के पास घूमने पहुंचे चार कॉलेज छात्रों के लिए 10 नवंबर की रात के सात मिनट बेहद दहशत भरे रहे। बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने चार युवक-युवतियों को चाकू की नोक पर घेर लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए चारों के गले से चेन लूटकर फरार हो गए। हालांकि, मामले की शिकायत दर्ज होने के बाद रातीबड़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूटी गई चारों चेन, वारदात में प्रयुक्त बाइक और चाकू भी बरामद कर लिया है।


महज 7 मिनट में दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार, निजी कॉलेज से बीबीए (BBA) द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही छात्रा संसृति अपने दोस्तों ख्याति, वंश और देव के साथ 10 नवंबर की रात कार से कलियासोत डैम के पास मैदान में घूमने गई थी। चारों कार से उतरकर पटाखे फोड़ रहे थे और आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 9:00 बजे एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और चारों को घेर लिया। बदमाशों ने चाकू निकालकर धमकाया कि जल्दी अपने गले की चेन और सामान सौंप दो, वरना कोई जिंदा नहीं बचेगा। विरोध करने पर आरोपियों ने एक युवक के कंधे पर चाकू के हत्थे से वार कर दिया और रात 9:07 बजे तक चारों की चेन लूटकर जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक से फरार हो गए। घटना से घबराए छात्रों ने तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दी। बाद में जब परिजनों ने युवती के गले में चेन नहीं देखी और पूछताछ की, तब पूरी वारदात का खुलासा हुआ। इसके बाद 14 नवंबर को रातीबड़ थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।


150 CCTV कैमरों के फुटेज और मुखबिरों की मदद से 10 घंटे में पकड़े गए तीनों आरोपी

रिपोर्ट दर्ज होते ही थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने तीन विशेष टीमें गठित कीं। पुलिस ने जेल से रिहा हुए निगरानी बदमाशों से पूछताछ की और प्रमुख मार्गों पर लगे करीब 150 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सटीक सूचना पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के 10 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।


पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई चारों चेन, बाइक और चाकू जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल रामपाल सिंह के खिलाफ पहले से ही अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) एक्ट जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर शहर की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि कलियासोत और केरवा डैम क्षेत्र में चीता मोबाइल की चौबीसों घंटे गश्त रहती है तथा जंगली जानवरों के खतरे को देखते हुए घने जंगल की ओर न जाने के चेतावनी बोर्ड व पुलिस अधिकारियों के संपर्क नंबर भी चस्पा किए गए हैं। रिहायशी इलाके के नजदीक हुई इस घटना के बाद पुलिस निगरानी और सख्त कर दी गई है।