छतरपुर,रोहित पाठक। मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा बुधवार दोपहर बागेश्वर धाम पहुँचे, जहाँ उन्होंने सबसे पहले बागेश्वर बालाजी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने संन्यासी बाबा और प्रेतराज सरकार को प्रणाम किया।


बताया जा रहा है कि नवग्रह स्थापना के बाद यह उनका पहला बागेश्वर धाम दौरा है। इससे पूर्व वे लगभग दो माह पहले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को कथा के लिए आमंत्रित करने यहाँ आए थे।


दर्शन के उपरांत डॉ. मिश्रा ने बागेश्वर महाराज से भेंट कर कुछ समय तक चर्चा की। इस दौरान महाराज श्री ने उन्हें बागेश्वर धाम की पट्टिका एवं नंदी भगवान का चित्र भेंट किया।


उल्लेखनीय है कि हाल ही में बागेश्वर महाराज डबरा में आयोजित नवग्रह स्थापना के अवसर पर तीन दिवसीय श्री हनुमंत कथा करने पहुँचे थे, जिसमें भारी जनसमूह उमड़ा था। इस कार्यक्रम में अनेक संत-महात्माओं एवं राजनीतिक क्षेत्र के लोगों की भी उपस्थिति रही।