वन विभाग की टीम पर हमला, डिप्टी रेंजर लहूलुहान

Advertisement
दमोह ,राजेंद्र तिवारी । मध्यप्रदेश के सागर जिला से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। नौरादेही अभ्यारण्य क्षेत्र में गश्त के दौरान डिप्टी रेंजर पर जानलेवा हमला किया गया है। धारदार हथियार से किए गए इस हमले में डिप्टी रेंजर बृजेश सेन के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना सर्रा वन परिक्षेत्र के जंगली इलाके की है। डिप्टी रेंजर बृजेश सेन के मुताबिक, गश्त के दौरान भूरा पड़हार नामक व्यक्ति ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद घायल अवस्था में डिप्टी रेंजर को आनन-फानन में तेंदूखेड़ा सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
ड्यूटी डॉक्टर ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। घटना के बाद वन विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
फिलहाल पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम हमलावर की तलाश में जुटी हुई है। हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की जांच जारी है।
