बेंगलुरु | बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह के खिलाफ कर्नाटक की चावुंडी दैव परंपरा और हिंदू धार्मिक भावनाओं के अपमान के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। यह एफआईआर बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला 28 नवंबर 2025 को गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) से जुड़ा है। बेंगलुरु के वकील प्रशांत मेथल ने रणवीर सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
क्या है आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, रणवीर सिंह ने मंच पर फिल्म कांतारा की देवी चावुंडी (चामुंडा) की मिमिक्री करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। आरोप है कि उन्होंने पंजुरली और गुलिगा दैव से जुड़े भाव-हावभाव की नकल कर उन्हें भद्दे और हास्यास्पद तरीके से प्रस्तुत किया।
इसके अलावा रणवीर सिंह पर चावुंडी दैव को ‘महिला भूत’ कहने का भी आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि चावुंडी दैव कर्नाटक के तटीय इलाकों में पूजनीय रक्षक देवी मानी जाती हैं और उन्हें ‘भूत’ कहना धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।
कोर्ट में पहुंचा मामला
मामले को बेंगलुरु की प्रथम अतिरिक्त मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट (CMM) अदालत को भेज दिया गया है। इस केस में 8 अप्रैल को सुनवाई होगी। इससे पहले 23 जनवरी 2026 को अदालत ने बीएनएस की धारा 175 (3) के तहत हाई ग्राउंड्स पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया था।
कार्यक्रम का पूरा घटनाक्रम
रणवीर सिंह 28 नवंबर 2025 को गोवा में आयोजित IFFI में शामिल हुए थे। इस दौरान मंच से उन्होंने फिल्म कांतारा के एक सीन का जिक्र करते हुए देवी चावुंडी को ‘फीमेल घोस्ट’ कहा और उनकी मिमिक्री की।
फेस्टिवल से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अभिनेता की कड़ी आलोचना हुई थी। एक वीडियो में रणवीर सिंह मंच से उतरने के बाद भी ऋषभ शेट्टी के सामने चावुंडी देवी की मिमिक्री करते दिखे, जबकि ऋषभ शेट्टी उन्हें रोकने का इशारा करते नजर आए।

