सतना, अंबिका केशरी। सतना नगर निगम के वार्ड क्रमांक 28 जवाहर नगर से जुड़ा एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर में चर्चा का माहौल बना दिया है। वार्ड की पार्षद सुषमा सिंह लोधी के पुत्र तरुण लोधी उर्फ मनी के खिलाफ एक युवती ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि आरोपी की शादी महज चार दिन बाद, 20 अप्रैल को तय थी और गुरुवार को तिलकोत्सव कार्यक्रम प्रस्तावित था। इसी बीच पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता के अनुसार, उसकी मुलाकात कुछ समय पहले तरुण लोधी से हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती का कहना है कि वह इस रिश्ते को गंभीरता से ले रही थी और उसे शादी का भरोसा दिलाया गया था। मामले ने तब मोड़ लिया जब युवती को जानकारी मिली कि आरोपी की शादी किसी अन्य युवती से तय कर दी गई है। विरोध करने पर आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और दूरी बना ली।
खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही पीड़िता ने Civil Lines Police Station पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी तरुण सिंह लोधी (निवासी जवाहर नगर) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और आरोपी की तलाश जारी है। चूंकि मामला एक जनप्रतिनिधि के परिवार से जुड़ा है, इसलिए यह तेजी से शहर में चर्चा का विषय बन गया है।

