पति की प्रताड़ना से तंग आकर महिला पहली मंजिल से गिरी, पुलिस ने शुरू की जांच

Advertisement
इंदौर, रविकांत वर्मा । मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में एक महिला के पहली मंजिल से गिरने का मामला सामने आया है। यह पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। हादसे के बाद महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इलाज के बाद स्वस्थ होने पर पीड़िता अपने भाई के साथ चंदन नगर थाने पहुंची और अपने पति के खिलाफ मारपीट व प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता का आरोप है कि पति द्वारा लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के कारण यह घटना हुई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ मारपीट और प्रताड़ना की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। एडिशनल डीसीपी ने बताया कि आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है और मामले की जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
