Wednesday, February 25, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशमैहरअमरपाटन में सीमेंट कंपनी के खिलाफ किसानों का हल्लाबोल: ट्रैक्टर रैली निकालकर दिखाई ताकत

अमरपाटन में सीमेंट कंपनी के खिलाफ किसानों का हल्लाबोल: ट्रैक्टर रैली निकालकर दिखाई ताकत

Post Media
News Logo
PeptechTime
25 फ़रवरी 2026, 11:04 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

अमरपाटन ,नरेंद्र । निजी सीमेंट कंपनी द्वारा किसानों की उपजाऊ भूमि लीज पर लिए जाने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के बैनर तले बुधवार को अमरपाटन में विशाल किसान महापंचायत एवं चिंतन सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों ने बाइक व ट्रैक्टर रैली निकालकर अपनी एकजुटता और ताकत का प्रदर्शन किया।


किसानों का आरोप है कि मैहर जिले में डालमिया सीमेंट को अमरपाटन और रामपुर बघेलान तहसील की करीब 3600 एकड़ कृषि भूमि 40 वर्ष की लीज पर देने की प्रक्रिया चल रही है, जिसका वे लगातार विरोध कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि उपजाऊ जमीन उद्योग को सौंपना उनके भविष्य के साथ अन्याय है।


बुधवार को हजारों किसान सैकड़ों ट्रैक्टर, चारपहिया वाहनों और बाइक के साथ मैहर ढाबा बायपास से लालपुर होते हुए अमरपाटन मुख्य मार्ग से पुरानी कृषि उपज मंडी पहुंचे। रैली के दौरान भूमि अधिग्रहण के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इसके बाद पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में महापंचायत एवं चिंतन सम्मेलन आयोजित हुआ।


महापंचायत को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय किसान प्रवक्ता मांगेराम त्यागी ने कहा कि किसानों की उपजाऊ भूमि को लीज पर देना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में भूमि अधिग्रहण के साथ-साथ आवारा व जंगली जानवरों से फसल सुरक्षा, दुग्ध भुगतान का बकाया, दुग्ध का समर्थन मूल्य 9 रुपये प्रति फैट तय करने, बिजली विभाग की मनमानी बिल वसूली, तहसील व अन्य सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार तथा बैंकों की मनमानी जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।


दोपहर 1 बजे से 3:30 बजे तक चले विचार-विमर्श के बाद किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा, जिसे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम प्रेषित किया गया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और अधिक तेज किया जाएगा।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)