लखनऊ से जेद्दा जा रही सऊदिया एयरलाइंस की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

Advertisement
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखनऊ एयरपोर्ट से सऊदी अरब के जेद्दा जा रही सऊदिया अरबिया एयरलाइंस की फ्लाइट SV-891 को शुक्रवार को तकनीकी खराबी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। उड़ान भरने के कुछ समय बाद विमान में केबिन प्रेशर से जुड़ी समस्या सामने आई, जिससे कुछ यात्रियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी।
सूत्रों के अनुसार, विमान जब मुंबई के पास पहुंचा, तभी केबिन प्रेशर में गड़बड़ी महसूस की गई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने पहले मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी, लेकिन वहां से परमिशन नहीं मिल सकी। इसके बाद पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट से संपर्क किया, जहां से अनुमति मिलते ही विमान को वापस लाया गया। करीब 82 मिनट की उड़ान के बाद विमान सुरक्षित रूप से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरा।
विमान में कुल 275 यात्री, 4 पायलट और 6 क्रू मेंबर सवार थे। सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी को विमान से उतारने की जरूरत नहीं पड़ी। इंजीनियरों की टीम ने तकनीकी खराबी को दूर किया, जिसके बाद फ्लाइट शाम 4:20 बजे जेद्दा के लिए रवाना हो गई।
जानकारी के मुताबिक, विमान का निर्धारित उड़ान समय दोपहर 12:05 बजे था, लेकिन यह 12:23 बजे उड़ान भर सका। दोपहर करीब 1:45 बजे विमान को बीच रास्ते से वापस लाना पड़ा।
क्या है केबिन प्रेशर:
केबिन प्रेशर विमान के अंदर बनाया गया कृत्रिम वायु दबाव होता है, जिससे 30 से 40 हजार फीट की ऊंचाई पर भी यात्रियों को सांस लेने में परेशानी न हो। यह दबाव लगभग 6,000 से 8,000 फीट की ऊंचाई के बराबर बनाए रखा जाता है।
पहले भी आ चुकी है खराबी:
गौरतलब है कि 15 जुलाई 2025 को इसी एयरलाइंस के एक विमान में लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान पहियों के पास से चिनगारी और धुआं निकलने की घटना सामने आई थी। तब विमान में 242 हज यात्री सवार थे और समय रहते पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया था।
