भिण्ड, अक्षय जोशी। नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन के समय अचानक विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली गुल होने से मुख्यमंत्री और किसानों के बीच प्रस्तावित संवाद भी प्रभावित हुआ। इस दौरान कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला हाथ में माइक थामे खड़े रह गए और कार्यक्रम में कुछ देर के लिए व्यवधान उत्पन्न हो गया।


मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी कलेक्टर भिण्ड ने विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर एमपीईबी के एसई मनीष गोतम और एसडीओ ईएण्डएम नवाब सिंह परिहार को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।


जारी नोटिस में कहा गया है कि 5 सितंबर 2026 को नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगण भिण्ड में बलराम कृषि महोत्सव के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए कार्यक्रम स्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश पूर्व में ही दिए गए थे। इसके लिए कलेक्टर कार्यालय द्वारा 3 सितंबर 2026 को आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।


इसके बावजूद 5 सितंबर को दोपहर करीब 1:15 बजे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिसके कारण मुख्यमंत्री के संबोधन के समय कार्यक्रम प्रभावित हुआ। नोटिस में इस घटना को संबंधित अधिकारियों की लापरवाही एवं उदासीनता का द्योतक बताया गया है।


प्रभारी कलेक्टर ने दोनों अधिकारियों को तत्काल अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया तो सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 में विहित प्रावधानों के तहत एकतरफा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


पूर्व निर्देशों के बावजूद हुई बिजली गुल

कार्यक्रम जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए पहले से निर्देश जारी होने के बावजूद बिजली गुल होने से प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हुए हैं। अब अधिकारियों के जवाब के बाद यह स्पष्ट होगा कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने के पीछे तकनीकी कारण था या व्यवस्था में लापरवाही।