छतरपुर, राजू दुबे। बक्सवाहा क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन एवं धार्मिक स्थल भीमकुंड में मिले अज्ञात शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान राजेश यादव (36) निवासी रहली, जिला सागर के रूप में हुई है। शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व भीमकुंड में एक व्यक्ति के डूबने की सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। बक्सवाहा तहसीलदार भरत पांडेय एवं बाजना थाना पुलिस की मौजूदगी में एनडीआरएफ की टीम द्वारा विशेष रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद गहरे जल से शव को बाहर निकाला गया था।
शव की पहचान नहीं होने के कारण उसे बक्सवाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया था। इस बीच समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन बक्सवाहा पहुंचे और शव की पहचान राजेश यादव के रूप में की।
मृतक के बड़े भाई ने बताया कि राजेश यादव पेशे से ट्रक चालक थे और सागर क्षेत्र में वाहन चलाने का कार्य करते थे। उनकी शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। परिजनों के अनुसार उनकी पत्नी की यह दूसरी शादी थी तथा पहली शादी से एक 10-11 वर्षीय पुत्री भी है। मृतक की ससुराल टीकमगढ़ जिले के जतारा क्षेत्र स्थित बारीघाटी गांव में है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं भीमकुंड में हुई इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

