सतना,अंबिका केशरी। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के डालीबाबा इलाके में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम और प्रशासनिक टीम पर अचानक पथराव हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, निजी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत के बाद कार्रवाई करने पहुंची टीम जैसे ही जेसीबी से निर्माण तोड़ने लगी, तभी आसपास छिपे लोगों ने पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इस दौरान एसडीएम राहुल सिलाड़िया और थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी बाल-बाल बच गए, जबकि महिला पुलिसकर्मी रेखा पवार, सुषमा पांडेय और आरती चतुर्वेदी घायल हो गईं।
स्थिति बिगड़ते देख मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और दो हवाई फायर भी किए, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आई। पुलिस ने पथराव में शामिल दो पुरुषों और एक महिला को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश जारी है।
घटना के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच प्रशासन ने दोबारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की और अवैध कब्जों को हटा दिया गया। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी और निजी जमीनों पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

