इंदौर। शहर में साइबर ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। भंवरकुआ थाना क्षेत्र में सॉफ्टवेयर कंसलटेंसी का काम करने वाले सचिन बंसल से साइबर ठगों ने इनवेस्टमेंट के नाम पर करीब 93 लाख रुपये की ठगी कर ली।
पीड़ित को फेसबुक पर मिले एक लिंक के जरिए एप्लीकेशन डाउनलोड कराई गई, जिसके बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर लगातार रकम जमा करवाई गई। जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की तो ठगी का खुलासा हुआ।
शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार जांच में 5–6 बैंक खाते सामने आए हैं, जिनमें रकम ट्रांसफर हुई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन निवेश के झांसे में न आएं।

