इंदौर,रविकांत वर्मा। इंदौर स्टेट साइबर सेल ने फर्जी शेयर ट्रेडिंग ऐप के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में फरियादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे शेयर मार्केट में अधिक मुनाफे का लालच देकर आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 16 लाख 39 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।


शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने NCRP पोर्टल पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान अपराध क्रमांक 95/2025 के तहत धारा 318(4), 319(2) बीएनएस और आईटी एक्ट की धारा 66(D) में केस दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि आकाश चौहान और आशीष उर्फ दीपक यादव कमीशन के बदले अपने बैंक खाते और सिम कार्ड उपलब्ध कराते थे, जिनका उपयोग ठगी के लिए किया जाता था।


पुलिस ने दोनों आरोपियों को 8 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। फिलहाल साइबर पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।