चचेरे परिजनों ने लाठी-डंडों से शासकीय शिक्षक, पत्नी और बेटी को पीट-पीटकर लहूलुहान किया

Advertisement
छतरपुर,विनोद मिश्रा। जिले के बजाना थाना क्षेत्र के बजाना गांव में पारिवारिक रंजिश ने खूनी रूप धारण कर लिया। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे एक बुजुर्ग दंपति और उनकी बेटी पर चचेरे परिजनों ने लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी से बेरहमी से हमला कर दिया। हमले में शासकीय शिक्षक राजकिशोर पांडेय, उनकी पत्नी रामकुमारी पांडेय और बेटी शुभि पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, रामकुमारी पांडेय और राजकिशोर पांडेय अपने दो वर्षीय नाती को लेकर घर के बाहर टहल रहे थे। तभी गांव के ही मोनू उर्फ मौसम पांडेय और ओमकार पांडेय वहां से गुजरे और कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि महेश उर्फ मुन्नू पांडेय और मौसम उर्फ मोनू पांडेय लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी लेकर रानी पांडेय और ओमकार पांडेय के साथ मौके पर पहुंचे और दंपति पर हमला बोल दिया।
मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आईं बेटी शुभि पांडेय पर भी डंडे से वार किया गया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई और हाथ टूटने की आशंका जताई जा रही है। रामकुमारी पांडेय के शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। शुभि पांडेय ने आरोप लगाया है कि उनके पिता (शासकीय शिक्षक) पर झूठी छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराने का दबाव बनाया जा रहा है। पिता के सिर पर भी चोट के निशान हैं। आरोपियों द्वारा झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बजाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल मां-बेटी को पहले बड़ा मलहरा उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। राजकिशोर पांडेय को पुलिस कस्टडी में बक्सवाहा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
