भोपाल,जीतेंद्र यादव। प्रदेश में गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति में आ रही दिक्कतों को लेकर कांग्रेस ने राजधानी भोपाल में एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता गर्ल्स हॉस्टल पहुंचे, जहां उन्होंने छात्राओं को इंडक्शन चूल्हे वितरित किए। इस दौरान रूपाली शर्मा, संतोष कंसाना सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं।


कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे आम जनता, खासकर छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हॉस्टल में रहने वाली छात्राएं सीमित संसाधनों में अपना गुजारा करती हैं, ऐसे में गैस की बढ़ती कीमतें उनके लिए अतिरिक्त बोझ बन रही हैं। इसी समस्या को उजागर करने और सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह अनोखा विरोध प्रदर्शन किया गया।


प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है। रसोई गैस की कीमतें लगातार बढ़ने से गरीब और मध्यम वर्ग की रसोई का बजट बिगड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों की समस्याओं से पूरी तरह दूर हो चुकी है और महंगाई के मुद्दे पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।


रीना बौरासी ने कहा कि छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ भोजन बनाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। गैस सिलेंडर की अनुपलब्धता और महंगाई के चलते कई बार उन्हें समय पर खाना नहीं मिल पाता। ऐसे में इंडक्शन चूल्हे एक वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में मददगार साबित होंगे। उन्होंने कहा कि यह कदम सिर्फ विरोध का तरीका ही नहीं, बल्कि छात्राओं की मदद का एक प्रयास भी है।


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी नहीं की गई और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो पार्टी आगे और बड़ा आंदोलन करेगी। इस अनोखे प्रदर्शन ने शहर में चर्चा का विषय बना दिया है और राजनीतिक हलकों में भी इसकी गूंज सुनाई दे रही है।