यातायात पुलिस के खिलाफ कांग्रेस ने रैली निकालकर किया प्रदर्शन

Advertisement
सतना,अंबिका केशरी । युवा कांग्रेस सतना जिला कमेटी के नेतृत्व में मंगलवार को यातायात पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। यातायात पुलिस पर कथित अनियमितताओं, मनमानी चालानी, रिश्वतखोरी और आम जनता से दुर्व्यवहार के आरोप लगाते हुए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर यातायात थाना पहुंचकर धरना दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे, वहीं सिविल लाइन थाना प्रभारी (टीआई) भी अपने बल के साथ मौके पर तैनात रहे। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को संबोधित एक सामूहिक ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
युवा कांग्रेस का आरोप है कि जिले के विभिन्न स्थानों पर यातायात पुलिस मनमाने ढंग से चेकिंग लगाकर चालान काट रही है और कई मामलों में रिश्वत की मांग की जाती है। साथ ही, स्वयं पुलिसकर्मियों द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी करने, बिना हेलमेट वाहन चलाने और गलत साइड ड्राइविंग जैसे आरोप भी लगाए गए।
युवा कांग्रेस नेताओं ने बताया कि नागौद के सिंहपुर चौराहा, सतना शहर के सिविल लाइन चौराहा एवं प्रमुख बाजार क्षेत्रों में आम नागरिकों—विशेषकर युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों—को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है। कई मामलों में अभद्र भाषा, धमकी और दुर्व्यवहार की शिकायतें सामने आई हैं, जिससे जनता में भारी आक्रोश है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सभी आरोपों की तत्काल, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए तथा दोषी यातायात पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए बॉडी कैमरा अनिवार्य करने और केवल ई-चालान प्रणाली लागू करने जैसे सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन, धरना और प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।

