छतरपुर। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार पर महंगाई, प्रशासनिक अव्यवस्था और कमजोर वर्गों की अनदेखी को लेकर तीखा हमला बोला है। प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश बंसल ने प्रेस वार्ता में कहा कि प्रदेश में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग की समस्याओं की लगातार अनदेखी हो रही है तथा आम लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
मुकेश बंसल ने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर जैसी जरूरी सुविधा के लिए लोगों को घंटों, बल्कि कई जगह दिनों तक लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। इस अव्यवस्था के कारण लोगों की तबीयत तक बिगड़ रही है, लेकिन सरकार स्थिति संभालने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि आपदा जैसी परिस्थितियों में भी सरकार के पास कोई ठोस योजना नजर नहीं आती, जबकि प्रशासन के पास आपदा कोष जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। इसके बावजूद जरूरतमंदों को समय पर राहत नहीं मिल पा रही है।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तंज कसा। मुकेश बंसल ने कहा कि देश की जनता को तीन बार लाइनों में खड़ा किया गया—पहले नोटबंदी के दौरान, फिर गैस सिलेंडर के लिए और उसके बाद कोरोना काल में। कांग्रेस ने इसे सरकार की नीतियों की विफलता करार दिया। मुकेश बंसल ने कहा, एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग की कोई सुनवाई नहीं हो रही। गैस सिलेंडर के लिए लोग लंबी लाइनों में खड़े हैं, तबीयत बिगड़ रही है, लेकिन सरकार के पास कोई ठोस योजना नहीं है।
कांग्रेस ने मांग की है कि प्रधानमंत्री राहत कोष से प्रभावित लोगों को तुरंत सहायता दी जाए और महंगाई तथा बुनियादी समस्याओं से जूझ रही जनता को राहत पहुंचाने के लिए सरकार तत्काल प्रभावी कदम उठाए। प्रदेश कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार इन मुद्दों पर ध्यान नहीं देगी तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर और तेज आंदोलन करेगी।

