शाहगढ़ में कलेक्टर की जनसुनवाई: पटवारी निलंबित, आवास योजना और पट्टों पर उबली जनाक्रोश

Advertisement
शाहगढ़ (पुष्पेन्द्र यादव)। सागर जिले के शाहगढ़ में मंगलवार को कलेक्टर संदीप जी आर द्वारा आयोजित जनसुनवाई में हितग्राहियों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही विभिन्न विभागों के अधिकारी और शिकायतकर्ता मौजूद रहे। कलेक्टर के पहुंचते ही आवास योजना, जमीन पट्टों और राजस्व मामलों को लेकर लंबी कतारें लग गईं।
जनसुनवाई के दौरान नगर परिषद शाहगढ़ की आवास योजना और पट्टा वितरण के मुद्दे सबसे अधिक सुर्खियों में रहे। लगभग हर तीसरा शिकायतकर्ता या तो अपने आवास के लिए गुहार लगा रहा था या नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा था। राजस्व विभाग से जुड़े मामलों में भी कई हितग्राही अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।
कलेक्टर संदीप जी आर ने मौके पर ही सख्त कार्रवाई करते हुए शाहगढ़ हल्का पटवारी मौन सिंह गोंड को अवैध कब्जे के मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया। साथ ही प्रभारी तहसीलदार ज्ञानचंद राय को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
पूर्व विधायक तरवर सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों के साथ मिलकर कलेक्टर को बीच रास्ते में रोक लिया। किसानों को भावांतर का लाभ दिए जाने को लेकर नारेबाजी की गई और एक ज्ञापन सौंपा गया।
कलेक्टर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सभी हितग्राहियों की समस्याओं का जल्द निराकरण किया जाएगा। हालांकि, जनसुनवाई समाप्त होने के बाद जैसे ही कलेक्टर बाहर निकले, महिलाओं ने उन्हें घेर लिया। महिलाओं ने नगर परिषद शाहगढ़ की कार्यप्रणाली, आवास योजना में अनियमितताओं, पट्टा वितरण में भ्रष्टाचार और समग्र कारगुजारियों को लेकर जोरदार विरोध जताया।
इसके अलावा, जनसुनवाई स्थल पर अभिनव विद्यामंदिर में संचालित मां दुर्गा शक्ति व्यायाम शाला के बच्चों ने मलखंब प्रदर्शन किया। कलेक्टर ने बच्चों के प्रदर्शन की खूब सराहना की और अधीनस्थ अधिकारियों को इन बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
