जिला अस्पताल का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण

Advertisement
छतरपुर। जिला कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने आज जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, ओपीडी में डॉक्टरों की उपस्थिति सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी में संबंधित डॉक्टरों की मौजूदगी की जांच की और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की स्थिति देखी। इसके साथ ही उन्होंने ब्लड बैंक का भी निरीक्षण किया तथा वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने अस्पताल परिसर में हाल ही में निर्मित नई बिल्डिंग का भी अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि नई इमारत में कुछ अधोसंरचनात्मक कार्य अभी शेष हैं, जिन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि डेढ़ से दो माह के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर नई बिल्डिंग को हैंडओवर किया जाए और उसे अस्पताल संचालन के लिए चालू किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
