भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के स्टेट हैंगर से "पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा" के अंतर्गत भोपाल-चंदेरी-ओरछा नए सेक्टर का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रथम यात्रियों को बोर्डिंग पास वितरित कर उन्हें मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। यह सेवा सप्ताह में 5 दिन (बुधवार से रविवार) संचालित की जाएगी।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभाग ने भोपाल से चंदेरी का किराया ₹5,500 और ओरछा का किराया ₹6,500 निर्धारित किया है। इसके अलावा, यात्रियों के लिए ₹14,500 का एक विशेष 'एंड-टू-एंड' पैकेज भी लॉन्च किया गया है, जिसमें हेलीकॉप्टर यात्रा के साथ टैक्सी, वीआईपी दर्शन, भोजन और प्रसाद जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। पर्यटकों के लिए चंदेरी और ओरछा में ₹3,500 में 'जॉय राइड' का विकल्प भी रखा गया है।
पीपीपी मॉडल पर आधारित इस सेवा में 6 सीटों वाले आधुनिक हेलीकॉप्टरों का उपयोग किया जा रहा है। पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए स्थानीय भ्रमण हेतु गाइड और होटलों की व्यवस्था पूर्व निर्धारित रहेगी। इच्छुक पर्यटक अपनी यात्रा की बुकिंग www.flyola.in या IRCTC पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा से प्रदेश के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी और पर्यटन क्षेत्र को नई गति मिलेगी।



