छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा में सरकारी राशन वितरण व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। गरीब परिवारों को समय पर मुफ्त राशन नहीं मिलने से उन्हें बाजार से महंगा राशन खरीदकर गुजर-बसर करना पड़ रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। राशन दुकान संचालक का कहना है कि इस बार शासन से कम आवंटन मिला है और जो राशन आया था, उसका वितरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि “वन नेशन वन कार्ड” योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के कार्डधारी भी यहां राशन लेने पहुंच रहे हैं। दुकान पर लगभग चार सौ कार्ड पंजीकृत हैं, लेकिन हर महीने छह सौ से सात सौ कार्डधारी राशन लेने आ जाते हैं। संचालक के मुताबिक अब तक करीब दो सौ सत्तर कार्डधारियों को राशन वितरित किया जा चुका है, जबकि कई हितग्राही अब भी राशन से वंचित हैं। इस संबंध में खाद्य विभाग को लिखित शिकायत भी दी गई है। अधिकारियों ने भोपाल स्तर पर अतिरिक्त आवंटन भेजे जाने की बात कही है। वहीं उपभोक्ताओं का दर्द भी सामने आया। वार्ड 32 की शिवमती यादव ने बताया कि उन्हें दो महीने से राशन नहीं मिला और रोज “कल आना” कहकर वापस भेज दिया जाता है। वहीं लीलाबाई यादव ने कहा कि वह अकेली रहती हैं, आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं और दो महीने से राशन दुकान के चक्कर काट रही हैं। मामले को लेकर नगर निगम नेता प्रतिपक्ष हंसा अमर दहाड़े भी राशन दुकान पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि दो महीने से आधे हितग्राहियों को राशन नहीं मिला है। उन्होंने शासन से मांग की कि गरीबों को समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए, वरना जनता जवाब देगी।
छिंदवाड़ा में राशन व्यवस्था चरमराई, दो महीने से उपभोक्ता परेशान

Saurabh Shukla
14 जुलाई 2026, 04:33 pm IST
Saurabh Shukla14 जुलाई 2026, 04:33 pm IST



