इंफाल, 29 मई । मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने उखरुल जिले में नेशनल हाईवे-202 पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। यह हमला लिटन पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत लेइंगांगचिंग और टीएस कसम के बीच उस समय हुआ, जब एक मालवाहक वाहन गुजर रहा था। अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने वाहन पर अचानक हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
इस घटना में पश्चिम बंगाल के एक ट्रक चालक की गोली लगने से मौत हो गई। मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि सड़क पर मालवाहक वाहनों को निशाना बनाना बेहद निंदनीय और कायरतापूर्ण कृत्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे वाहन पूरे राज्य में जरूरी सामान की आपूर्ति में अहम भूमिका निभाते हैं और उन पर हमला करना न केवल कानून-व्यवस्था को चुनौती देता है, बल्कि आम लोगों की जिंदगी को भी प्रभावित करता है।
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि यह हमला कुछ असामाजिक और स्वार्थी तत्वों द्वारा राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयासों को बाधित करने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस हमले में एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गया है। उसे घुटने में गोली लगी है और उसका इलाज जारी है। मुख्यमंत्री ने उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और चिकित्सा टीम को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द पकड़ने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।
प्रशासन ने कहा कि इस मामले में दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कानून के अनुसार सख्त सजा दिलाई जाएगी। फिलहाल, इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

