विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अव्यवस्था, शिक्षकों को हो रही परेशानी

Advertisement
पन्ना,जीतेन्द्र रजक। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय गुनौर की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। आरोप है कि कार्यालय में पदस्थ अधिकारी और कर्मचारी समय पर उपस्थित नहीं हो रहे, जिससे दूर-दराज़ से आने वाले शिक्षक परेशान हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि इन दिनों आयकर (इनकम टैक्स) से संबंधित फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया चल रही है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी समय पर नहीं मिलने से शिक्षकों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई शिक्षक बिना काम कराए ही वापस लौटने को मजबूर हो रहे हैं।
शिक्षकों का कहना है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों से लंबी दूरी तय कर गुनौर पहुंचते हैं। स्कूल का शैक्षणिक कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए वे समय निकालकर कार्यालय आते हैं, लेकिन समय पर सुनवाई नहीं होने से उन्हें मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में जब कार्यालय अधिकारी रामकुमार प्रजापति से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उनकी ड्यूटी निरीक्षण में लगी हुई है और वे सुबह से ही अमानगंज क्षेत्र में हैं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनके कार्यालय में अनुपस्थिति के दौरान कर्मचारी मनमानी समय पर आते हैं। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में केवल तीन कर्मचारी ही उपस्थित मिले।
स्थानीय शिक्षकों ने प्रशासन से मांग की है कि कार्यालय में समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि शिक्षकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग और जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है।
