नई दिल्ली। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने गुरुवार को संसद भवन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात उपराष्ट्रपति के कार्यालय में हुई।उपराष्ट्रपति सचिवालय की ओर से जारी संक्षिप्त जानकारी में बताया गया कि जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने संसद भवन स्थित उपराष्ट्रपति कार्यालय में यह शिष्टाचार भेंट की।
दरअसल, जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने हाल ही में देश के तीसरे चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ का पदभार संभाला है। सीडीएस के रूप में उनका दायित्व तीनों सेनाओं के बीच संयुक्तता बढ़ाने, थिएटर कमान व्यवस्था को आगे बढ़ाने और सैन्य आधुनिकीकरण से जुड़े प्रयासों का नेतृत्व करना है।
सीडीएस का दायित्व संभालने वाले जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कुछ दिन पहले ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी शिष्टाचार भेंट की थी। जनरल सुब्रमणि ने 31 मई को देश के सर्वोच्च सैन्य पदों में से एक, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ का कार्यभार संभाला था। यह पद तीनों सेनाओं यानी थल सेना, नौसेना और वायु सेना के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और संयुक्त सैन्य रणनीति को आगे बढ़ाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
देश के मौजूदा सीडीएस के पास चार दशक से अधिक का सैन्य अनुभव है और उन्होंने देश के विभिन्न रणनीतिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। सीडीएस के रूप में जनरल सुब्रमणि की प्राथमिकताओं में सैन्य आधुनिकीकरण, नई तकनीकों का समावेश, भविष्य के युद्धक्षेत्रों के अनुरूप तैयारी, संयुक्त थिएटर कमांड की दिशा में प्रगति तथा स्वदेशी रक्षा प्रणालियों को बढ़ावा देना शामिल माना जा रहा है।
गौरतलब है कि सीडीएस का कार्यभार संभालने से पहले एनएस राजा सुब्रमणि 1 सितंबर 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत थे। इससे पूर्व वे 1 जुलाई 2024 से 31 जुलाई 2025 तक भारतीय सेना उप प्रमुख रहे तथा मार्च 2023 से जून 2024 तक केंद्रीय कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के पद पर कार्यरत थे।
वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी तथा भारतीय सैन्य अकादमी के स्नातक हैं। उन्हें 14 दिसंबर 1985 को गढ़वाल राइफल्स की 8वीं बटालियन में कमीशन प्राप्त हुआ था।




