हरदा/टिमरनी। मध्य प्रदेश के हरदा जिले अंतर्गत टिमरनी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 7 (ठाकुर बाबा मोहल्ला) में हुई 57 वर्षीय अनाथ/अकेली महिला पुष्पा बाई की अमानवीय हत्या और लूट का खुलासा पुलिस ने महज एक सप्ताह के भीतर करने का दावा किया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले 60 वर्षीय आरोपी मधुसूदन गौर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर मृतका के लूटे गए सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं।


घटनाक्रम: 24 अगस्त को मिला था महिला का शव

24 अगस्त की सुबह वार्ड 13 निवासी अनुराग गौर को सूचना मिली कि ठाकुर बाबा मोहल्ले में अकेली रह रही उनकी बड़ी बहन पुष्पा बाई (57 वर्ष) का दरवाजा खुला है और शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही है। (पति और बेटे के देहांत के बाद वे अकेली रहती थीं)। मौके पर पहुँचने पर देखा कि पुष्पा बाई पलंग पर चित अवस्था में पड़ी थीं और उनके गले में हरे रंग का बिजली का तार कसा हुआ था। मृतका के गले की सोने के मोतियों की माला और कानों के कुंडल गायब थे, जबकि घटनास्थल से एक सोने का मोती और दो मोबाइल फोन पड़े मिले थे। फरियादी अनुराग की शिकायत पर टिमरनी थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या और लूट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


पुलिस की जांच और आरोपी की पहचान (50 से अधिक CCTV खंगाले)

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) शशांक के निर्देशन, एएसपी अमित मिश्रा और एसडीओपी आकांक्षा तलैया के मार्गदर्शन में टिमरनी थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश गौड़ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल व आसपास की गलियों में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने वार्ड क्रमांक 7 के निवासी 60 वर्षीय मधुसूदन गौर को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की।


हत्या का कारण: पुराने प्रेम प्रसंग में नाराजगी

पूछताछ में आरोपी मधुसूदन गौर ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि: मृतका पुष्पा बाई के साथ उसका काफी समय से पुराना प्रेम प्रसंग था। हाल ही में मृतका कहीं अन्यत्र विवाह करने और टिमरनी छोड़कर दूसरी जगह जाने की बात कह रही थी, जिससे आरोपी बेहद नाराज था। इसी रंजिश में उसने महिला के घर पहुंचकर बिजली के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और वारदात को लूट का रूप देने के लिए सोने के जेवर लेकर फरार हो गया।


बरामदगी और पुलिस टीम

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर मृतका से लूटे गए सोने के मोती और कानों के टाप्स बरामद कर लिए हैं। अंधेकत्ल और लूट का खुलासा करने में एसडीओपी आकांक्षा तलैया, निरीक्षक मुकेश गौड़, उप निरीक्षक मनोज दुबे, संतोष श्रीवास्तव, प्रियंका पाठक और साइबर सेल टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई पर स्थानीय नागरिकों ने पुलिस टीम का आभार जताया है।