नई दिल्ली। चांदी और सोने के दाम लगातार तीसरे दिन ऑलटाइम हाई पर बने हुए हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार आज 29 जनवरी को एक किलो चांदी की कीमत 17,257 रुपए बढ़कर 3,61,821 रुपए प्रति किलो पहुंच गई है। बीते दो दिनों में ही चांदी 44,116 रुपए महंगी हो चुकी है।
आंकड़ों के मुताबिक इस साल के सिर्फ 28 दिनों में चांदी 1,31,401 रुपए तक महंगी हो गई है। 31 दिसंबर 2025 को चांदी का भाव 2,30,420 रुपए प्रति किलो था, जो अब 3.61 लाख के पार पहुंच गया है। निवेशकों और सर्राफा बाजार में इस तेजी को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
सोने के दामों में भी जोरदार उछाल दर्ज किया गया है। 10 ग्राम 24 कैरेट सोना आज 4,926 रुपए बढ़कर 1,63,827 रुपए पर पहुंच गया है। बीते दो दिनों में सोना कुल 9,517 रुपए महंगा हुआ है। इस साल जनवरी के 28 दिनों में ही सोने की कीमत में 30,632 रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी है।
कैरेट के हिसाब से देखें तो 22 कैरेट सोने का भाव 1,50,066 रुपए प्रति 10 ग्राम, 18 कैरेट का 1,22,870 रुपए और 14 कैरेट का भाव 95,839 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है।
देश के प्रमुख शहरों में भी सोना रिकॉर्ड दामों पर कारोबार कर रहा है। दिल्ली, जयपुर और लखनऊ में 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1,65,300 रुपए प्रति 10 ग्राम रहा, जबकि चेन्नई में यह 1,67,340 रुपए तक पहुंच गया। मुंबई, कोलकाता, भोपाल, पटना और अहमदाबाद में भी सोने के भाव 1.65 लाख रुपए से ऊपर बने हुए हैं।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूती, डॉलर में उतार-चढ़ाव और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के चलते सोने-चांदी में यह तेजी देखने को मिल रही है। आने वाले दिनों में कीमतों में और उतार-चढ़ाव की संभावना जताई जा रही है।

