ग्वालियर। ग्वालियर में कंस्ट्रक्शन कंपनी संचालक और प्रॉपर्टी कारोबारी को बदमाशों ने ऑफिस में बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट और अभद्रता की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी ओमकार उर्फ भूरे सिकरवार समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।


पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को बताया कि 15 अप्रैल की शाम उसे लेनदेन के विवाद पर बातचीत के लिए पीतांबरा धर्मकांटा बुलाया गया था। वहां ओमकार सिकरवार और उसके साथियों ने उसे ऑफिस के अंदर ले जाकर बंद कर दिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और शराब मंगाने के लिए ऑनलाइन पेमेंट भी कराया।


शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पिस्टल अड़ाकर उसके साथ गलत हरकत की तथा पूरी घटना का वीडियो बनाया। इसके बाद उससे अपने विरोधी कारोबारी के खिलाफ अपशब्द बुलवाकर वीडियो रिकॉर्ड किए गए। बदमाशों ने उस पर दबाव बनाते हुए बेटे से चेक बुक मंगवाई और 10-10 लाख रुपए के तीन चेकों पर जबरन हस्ताक्षर कराए। इनमें एक चेक उसकी पत्नी के खाते और दो उसके स्वयं के खाते से संबंधित बताए गए हैं।


पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके बेटे के सामने भी मारपीट की और वीडियो बनवाकर कहलवाया कि उसने अपनी मर्जी से रुपए दिए हैं। करीब तीन घंटे तक बंधक बनाए रखने के बाद रात में उसे छोड़ा गया। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। शिकायत की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है।